एडवांस न्यूज़ ब्यूरो ।
हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कांगड़ा जिले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। थाना डमटाल पुलिस ने भदरोया गांव में छापा मारकर एक महिला और उसके दो बेटों को नशे के कारोबार में रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान 22.65 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), 4.70 लाख रुपये नकद, 101.7 ग्राम सोने के आभूषण, 478 ग्राम चांदी के आभूषण और एक डिजिटल वेट मशीन बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महिला बचनी देवी तथा उसके बेटों लवजीत उर्फ लब्बा और करण के रूप में हुई है।
- गिरफ्तार मां और दो बेटे
जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपी पहले भी कई बार नशे के मामलों में जेल जा चुके हैं। महिला बचनी देवी के खिलाफ वर्ष 2019 और 2020 में चिट्टा बरामदगी के मामले दर्ज हुए थे। वहीं, उसका बेटा लवजीत भी 2017, 2019 और 2020 में हेरोइन से जुड़े मामलों में पकड़ा जा चुका है। छोटे बेटे करण के खिलाफ भी 2018, 2019 और 2020 में नशा तस्करी के तीन मामले दर्ज हैं। लगातार पुराने मामलों और जेल जाने के बावजूद तीनों आरोपियों ने नशे के धंधे को नहीं छोड़ा और अब फिर से पुलिस के हत्थे चढ़ गए।