जल्द CM और EM को ज्ञापन सौंपेगा व्यवसायिक समन्वयक कल्याण संघ

ADVANCE NEWZ
शिमला।
हिमाचल प्रदेश व्यवसायिक समन्वयक कल्याण संघ की ओर से शिमला में एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान प्रदेश के स्कूलों में व्यवसायिक शिक्षा को और बेहतर बनाने पर मंथन किया। बैठक की अध्यक्षता संघ के प्रधान आशीष ने की। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी छात्रों को व्यवसायिक शिक्षा का लाभ मिल सके इसके लिए संघ की ओर से समग्र शिक्षा विभाग के साथ मिलकर विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। स्कूलों में विशेष तौर पर मानीटरिंग की जा रही है। इस दौरान जहां विभाग की ओर से चलाए जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में छात्रों को अवगत कराया जा रहा है वहीं स्कूलों में तैनात विभिन्न वोकेशनल प्रशिक्षकों से चर्चा कर उनसे वोकेशनल एजूकेशन को और बेहतर बनाने को लेकर फीडबैक भी लिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जल्द ही एसोसिएशन की ओर से समग्र शिक्षा निदेशक और शिक्षा मंत्री के साथ इस फीडबैक को साझा किया जाएगा ताकि प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाया जा सके।
इसके अलावा जल्द ही एक ज्ञापन भी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर को सौंपा जाएगा जिसमें व्यवसायिक शिक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का उल्लेख किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि समग्र शिक्षा विभाग हिमाचल के तहत हिमाचल में 1200 से अधिक स्कूलों में व्यवसायिक कोर्स चलाए जा रहे हैं।इसके लिए वोकेशनल ट्रेनर पार्टनर प्रोगराम के तहत व्यवसायिक शिक्षकों की तैनाती की गयी है। इन शिक्षकों की कैपेसिटी बिल्डिंग के लिए वीटीपी की ओर से कई तरह की गतिविधियों का आयोजन समय समय पर किया जाता है और साथ ही विद्यार्थियों के लिए भी कई तरह प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाया जाता है ताकि उनके कौशल को और अधिक निखारा जा सके। इस मौके पर संघ उपप्रधान, सचिव सुनील, कोषाध्यक्ष कपिल ठाकुर समेत संघ के अन्य पदाधिकारी और सदस्य बैठक में मौजूद रहे।